शाहजहांपुर। 80 वर्ष और इससे अधिक आयु के जो बुजुर्ग शारीरिक रूप से इतनी सामर्थ्य नहीं रखते कि मतदान के दिन स्वयं बूथ तक जाकर ईवीएम का बटन दबा सकें, निर्वाचन आयोग ने उन्हें घर पर रहकर मतपत्र पर वोट देने का विकल्प दिया है। इस व्यवस्था का लाभ केवल वही बुजुर्ग ले सकेंगे, जो इस बारे में क्षेत्र के बीएलओ को पहले से सूचित करेंगे। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार बीएलओ उनके घर जाकर उनसे निर्धारित प्रपत्र पर वांछित जानकारियां दर्ज कराकर उसे निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे। बाद में ऐसे बुजुर्गों का डाटा राज्य निर्वाचन आयुक्त को भेजा जाएगा और वहां से उनके प्रपत्रों के अनुसार मतपत्र जारी किए जाएंगे।
बता दें कि जनपद के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिक की श्रेणी में आने वाले 60 वर्ष और इससे अधिक आयु के तीन लाख, 51 हजार, 319 मतदाता हैं। इनमेें 80 वर्ष और इससे अधिक आयु के 41 हजार, 469 मतदाता हैं। इनमें 80 से 89 वर्ष आयु वर्ग के 33 हजार, 322, 90 से 99 वर्ष आयु वर्ग के 7199 और 100 वर्ष तथा ससे अधिक आयु के 948 मतदाता शामिल हैं। इनमेें 90 वर्ष और इससे अधिक आयु के अधिकांश बुजुर्ग इतने अशक्त हैं कि चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ होने के कारण घरों मेें भी अपना ज्यादातर समय बिस्तर पर बिता रहे हैं। बीते लोकसभा और पंचायत चुनाव में ऐसे तमाम बुजुर्ग वोट डालने के लिए घरालों की सहायता से चारपाई या फिर व्हील चेयर पर बैठकर अपने बूथों तक पहुंच सके थे।
बीएलओ को भरकर देना होगा प्रपत्र 12-डी
80 वर्ष से अधिक आयु के जो बुजुर्ग वोट देने के लिए बूथ तक जाने में शारीरिक रूप से सक्षम नहीं हैं, उनके परिवार के सदस्यों को क्षेत्रीय बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर उन्हें सूचित करना होगा। बीएलओ उन्हें आयोग से जारी प्रपत्र 12-डी देंगे। इस प्रपत्र में मतदाता की आयु और शारीरिक अक्षमता से जुड़े विवरण दर्ज कर उसे बीएलओ के पास जमा करना होगा। बीएलओ ऐसे सभी फार्म संकलित कर उन्हें निर्वाचन कार्यालय में जमा कराएंगे। वहां से राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय को अशक्त मतदाताओं का ब्योरा भेजा जाएगा। इसी विवरण के आधार पर संबंधित मतदाता सूची में प्रपत्र भरने वाले बुजुर्ग मतदाता के नाम के आगे टिक निशान लगा दिया जाएगा। इसके बाद मतदान के दिन बूथ के मतदान अधिकारी घर जाकर मतपत्र पर वोट की मुहर लगवाकर उसे सीलबंद लिफाफे में रखकर जमा कराएंगे।
दिव्यांगों को भी मिलेगा घर से वोट देने का विकल्प
चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ दिव्यांगों को भी घर से वोट देने के विकल्प का लाभ मिलेगा। बता दें कि जनपद में कुल 15182 दिव्यांग मतदाता हैं। सर्वाधिक 3225 दिव्यांग मतदाता ददरौल विधानसभा क्षेत्र में और सबसे कम 1903 शहर विधानसभा क्षेत्र में हैं। इसी तरह तिलहर विधानसभा क्षेत्र में 2231, कटरा में 2303, जलालाबाद में 2640 और पुवायां विधानसभा क्षेत्र में 2880 दिव्यांग मतदाता हैं।
विधानसभा क्षेत्र वार विभिन्न आयु वर्ग के वरिष्ठ मतदाता
विधानसभा क्षेत्र आयु वर्ग
60-69 70-79 80-89 90-99 100+
131 कटरा 32191 15900 5170 1127 170
132 जलालाबाद 35047 16602 5103 1001 62
133 तिलहर 34552 17685 6183 1596 176
134 पुवायां 33420 17222 6383 1361 148
135 शाहजहांपुर 37622 18867 5777 1111 294
136 ददरौल 34748 15994 4706 1003 98
कुल 2,07,580 1,02,270 33,322 7,199 948
जो बुजुर्ग मतदाता बूथ पर जाकर वोट डालने में असमर्थता व्यक्त कर इस आशय की बीएलओ को सूचना दे रहे हैं, उनके घरों पर प्रपत्र 12-डी पहुंचाए जा रहे हैं। इस कार्य में बीएलओ की सहायता के लिए तहसील स्तर के अन्य कर्मचारी भी लगाए गए हैं। आयोग से प्राप्त इस सुविधा का लाभ दिव्यांग भी ले सकेंगे, लेकिन अभी अशक्त बुजुर्गों का चिह्नांकन हो रहा है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े ऐसे लोगों को भी घर से मतदान की सुविधा दी जाएगी, जो नौकरीपेशा होने के कारण बाहर रह रहे हैं।
- रामसेवक द्विवेदी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन