तिलहर में वूथ कमेटी का भौतिक सत्यापन करते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर (शाहजहांपुर)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के बूथ सत्यापन के दौरान तिलहर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने नगर के बहादुरगंज स्थित बूथ संख्या 44 पर पहुंच कर बूथ कमेटी का भौतिक सत्यापन करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया।
शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे बाईपास चौराहा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव नगर के मोहल्ला बहादुरगंज स्थित बूथ नंबर 44 पर पहुंचे और बूथ अध्यक्ष राजेश प्रजापति और कमेटी के सदस्यों से मिलकर भौतिक सत्यापन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि मजबूत बूथ समितियों की संरचना ही भाजपा की विजय का आधार है। सभी कार्यकर्ता बूथ समिति सत्यापन के कार्य में जुट कर 2022 में पार्टी की ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए जी जान से जुट जाएं।
कहा कि मजबूत बूथ समितियों के निर्माण से बूथ विजय का संकल्प पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि सपा व बसपा ने अपनी सरकारों में प्रदेश को अपराध व अपराधियों के हवाले कर दिया था। भाजपा सरकार की आधारशिला पार्टी के परिश्रमी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से रखी गई। कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रोहित सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष राजीव राठौर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अभय राजपूत, सुशील बाबू गुप्ता आदि मौजूद रहे।