शाहजहांपुर में एमएलसी का चुनाव परिणाम घोषित होने पर भाजपा के पदाधिकारियों के साथ नव निर्वाचित ए?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। विधान परिषद के पीलीभीत-शाहजहांपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के तहत मंगलवार को हुई मतगणना में भाजपा उम्मीदवार डॉ. सुधीर गुप्ता सपा प्रत्याशी अमित यादव रिंकू से 3335 वोटों की बढ़त लेकर चुनाव जीत गए। उन्हें कुल 3600 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा उम्मीदवार 265 वोटों पर सिमट गए। तीनों चक्र की मतगणना में दो अन्य निर्दलीयों नाजमा बेगम को 29 और विश्वदीपक को 13 वोट ही मिले। बाद में जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम उमेश प्रताप सिंह ने भाजपा प्रत्याशी को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र दिया। कुल पड़े 4083 वोटों में से 176 निरस्त हो गए।
राजकीय पालीटेक्निक में बनाए मतगणना केंद्र में सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती शुरू हुई। तीन राउंड में हुई मतगणना के पहले चक्र में ही भाजपा प्रत्याशी ने सपा उम्मीदवार से काफी बढ़त बना ली थी। दूसरे चक्र की मतगणना के परिणाम आने तक भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित हो चुकी थी। दिन में 11.07 बजे पहले चक्र में हुई वोटों की गिनती में 1256 वोट लेकर डॉ. सुधीर गुप्ता सबसे आगे रहे। दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी को 72, निर्दलीय नाजमा बेगम को 14 और निर्दलीय विश्वदीपक को केवल तीन वोट मिले।
दूसरे चक्र की मतगणना में भाजपा उम्मीदवार को सर्वाधिक 1239, सपा प्रत्याशी को 83 और निर्दलीय नाजमा व विश्वदीपक को छह-छह वोट मिले। तब तक भाजपा उम्मीदवार डॉ. सुधीर गुप्ता सपा प्रत्याशी से 2340 वोटों की बढ़त ले चुके थे। मतगणना के तीसरे और अंतिम निर्णायक चक्र में भी डॉ. सुधीर गुप्ता को सबसे ज्यादा 1105 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को 110, निर्दलीय नाजमा बेगम को नौ और विश्वदीपक को सिर्फ चार वोट मिले। दूसरे चक्र की मतगणना घोषित होते ही भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उल्लास छाने लगा। मतगणना पूरी होने पर भाजपा प्रत़्याशी जैसे ही बाहर निकले, उनका समर्थकों समेत पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से स्वागत किया।