शाहजहांपुर के रोजा मंडी में ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात पुलिस व बीएसएफ के जवान का । फ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। 10 मार्च को मतगणना के लिए मतगणना स्थल रोजा मंडी के सामने लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरे दिन बड़े वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी। छोटे वाहनों को भी मंडी के सामने की बजाय अन्य रूटों से डायवर्ट कर आगे की ओर गुजारा जाएगा। बड़े वाहन बरेली और लखीमपुर खीरी बॉर्डर पर रोके जाएंगे। पुलिस ने यातायात प्लान तैयार कर लिया है। पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा।
14 फरवरी को हुए मतदान के बाद ईवीएम को रोजा मंडी के स्ट्रांग रूम में रखा गया है। 10 मार्च को मतों की गिनती होगी। इसे लेकर पुलिस और प्रशासन होमवर्क करने में जुटा है। मतगणना के दिन हाईवे पर बड़े वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी। बरेली और लखीमपुर खीरी के बॉर्डर पर बड़े वाहनों को रोका जाएगा। सीतापुर की तरफ से कोई भी छोटा वाहन आएगा तो जमुका तिराहे से डायवर्ट कर शहर में हथौड़ा की तरफ से प्रवेश दिया जाएगा। बरेली की तरफ से आने वाले बड़े वाहन को हरदोई चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात प्रभारी यतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बरेली की तरफ से आने वाले छोटे वाहन को लखनऊ की तरफ जाने के लिए सरायकाइयां, पुत्तूलाल चौराहा से जमुका होते हुए निकाला जाएगा। बरेली और फर्रुखाबाद जाने वाली बसों को मछली मंडी होते हुए सतवां मोड़ से रिंग रोड से नगरिया मोड़ से गुजारा जाएगा।
रेलवे ग्राउंड पर होगी पार्किंग
मतगणना कराने वाले एजेंट, मतगणनाकर्मियों व पुलिसकर्मियों के वाहनों के लिए रोजा रेलवे ग्राउंड के गेट नंबर दो पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सारी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। वहीं ऑबजर्वर, प्रत्याशी की एक गाड़ी व अधिकारियों की गाड़ी रोजा मंडी के गेट नंबर एक से मतगणना की ओर प्रवेश करेंगी। बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने गाड़ियों को खड़ी करने की व्यवस्था की गई है।