तिलहर। भाजपा और सपा के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बनी तिलहर विधानसभा सीट के परिणाम चौंकाने वाले होने की संभावना है। मुकाबला मुख्य तौर पर सपा और भाजपा के बीच नजर आ रहा है, जबकि बसपा और कांग्रेस के प्रत्याशी अप्रत्याशित नतीजों का दम भर रहे हैं।
इस सीट पर लगातार तीन बार विधायक रहे रोशन लाल वर्मा को भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा सीधी टक्कर दे रही हैं। रोशनलाल वर्मा एक बार निगोही और दो बार तिलहर से से लगातार जीत हासिल कर चुके हैं। दो बार बसपा से विधायक बनने वाले रोशनलाल वर्मा ने 2017 के पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा का दामन थामा था। इस सीट पर कांग्रेस और सपा के संयुक्त प्रत्याशी जितिन प्रसाद उनके सामने थे। यह मुकाबला रोशन लाल वर्मा के लिए कठिन माना जा रहा था, लेकिन प्रतिष्ठा की लड़ाई में रोशन लाल वर्मा ने 5,715 वोटों से जितिन को हरा दिया था।
इस चुनाव में रोशन लाल वर्मा ऐन वक्त पर भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हो गए। सपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी भी बना दिया। उनका कहना है कि वह तिलहर, निगोही और सिंधौली तीनों ब्लॉकों से बढ़त लेंगे। पहले मेरा तिलहर में नुकसान होता था, लेकिन इस बार बहुत अच्छा है। जीत 25 हजार से ज्यादा वोटों से होगी। वहीं सलोना कहती हैं कि उन्हें तीनों ब्लॉकों में बहुत अच्छा जनसमर्थन प्राप्त हुआ है। उनकी फाइट सपा से है।
वह 20 हजार से ज्यादा अंतर से जीतेंगी। बसपा प्रत्याशी नवाब फैजान अली खां का कहना कि उनकी भाजपा प्रत्याशी से टक्कर है और वह त्रिकोणात्मक जंग में जीत की ओर अग्रसर हैं। कांग्रेस प्रत्याशी रजनीश गुप्ता ने अपने जीत जनता के भरोसे छोड़ दी है। कहते हैं कि अब जनता ही उनके भाग्य का फैसला करेगी।
गौरतलब है कि तिलहर विधानसभा में कुल 3,54,724 मतदाता है, जिसमें 2,12,885 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया है। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि भाजपा और सपा प्रत्याशी में से जिस प्रत्याशी ने भी एक लाख के करीब का आंकड़ा छू लिया उसकी जीत सुनिश्चित है।
तिलहर विधान सभा के कांग्रेस प्रत्याशी रजनीश गुप्ता ।- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर विधान सभा की भाजपा प्रत्याशी सालोना कुशवाहा ।- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर विधान सभा के सपा प्रत्याशी रोशन लाल वर्मा ।- फोटो : SHAHJAHANPUR