आकर्षण का केंद्र रहीं झांकियां, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नगर के बीडीआर ईंट भट्ठे के सामने वाले मैदान में 21 मार्च को होने वाले बाला जी के जागरण के लिए आई पवित्र ज्योति का शनिवार को भव्य स्वागत कर शोभायात्रा निकाली गई। भारी भीड़ के चलते व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सेवादारों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बाला जी से ज्योति लेकर आए सेवादारों का पुवायां मार्ग पर गोमती नदी के पुल पर भव्य स्वागत किया गया। यहां से भक्तों की भीड़ रंग गुलाल उड़ाती हुई और बाला जी की जय जयकार करती हुई खुटार पहुंची। मुख्य चौराहे पर लोगों की भारी भीड़ ने ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके बाद ज्योति की शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्ग से होती हुई पंथवारी मंदिर और यहां से लंगोटी बाबा स्थान पहुंची। इसके बाद यात्रा जागरण स्थल पर पहुंचकर विसर्जित हुई।
शोभायात्रा में देवताओं की आकर्षक झांकियाें ने लोगों का मन मोह लिया। क्रेन से लगभग 40 फिट ऊपर से राधा रानी को झूले के साथ नीचे उतारे जाने की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों के साथ श्रद्धालुओं ने भी नृत्य किया। इस दौरान रंग गुलाल से मेन रोड रंगीन हो गया। शोभायात्रा का तमाम स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। आयोजन में बाला जी सेवा समिति के अलावा नगर के तमाम लोगों का सहयोग रहा।