बिजौरा बिजौरिया में धरने पर बैठे किसान
- फोटो : POWAYAN
खुटार। गांव बिजौरा बिजौरिया में पावर प्लांट के पास चल रहा भाकियू का धरना प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कड़ाके की ठंड के बाद भी किसान धरने पर डटे हुए हैं और कार्रवाई नहीं होने तक धरना जारी रखने का एलान किया है।
पावर प्लांट प्रबंधन पर चकरोड, जमीन पर कब्जे की जांच की मांग को लेकर भाकियू टिकैत गुट के तराई और उत्तराखंड के अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार से धरना प्रदर्शन शुरू किया था। सोमवार को कोई अधिकारी किसान नेताओं से बात करने नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित भाकियू जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा कि समस्या का निराकरण नहीं होने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। पावर प्लांट के प्रबंधक किसी भी तरह के अवैध कब्जे से इनकार कर चुके हैं।
मंगलवार को मंजीत सिंह ने कहा कि भीषण सर्दी में किसान अवैध कब्जे की जांच की मांग करते हुए धरने पर बैठे हैं, लेकिन अधिकारी चुप्पी साधे अपने आफिसों ने हीटर का आनंद ले रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समस्या का निदान होने पर ही किसान धरने से हटेंगे। मंगलवार को धरना स्थल पर महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष दलजीत कौर, जसप्रीत सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुखचैन सिंह, गुरुचरन सिंह, काला सिंह सहित तमाम कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।