राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल संजय कुमार । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला अजीजगंज में कुछ लोगों ने पूर्व सभासद के ट्रांसपोर्ट ऑफिस में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। रंगदारी देने से मना करने पर उन्हें लोहे की रॉड मारकर घायल कर दिया। तहरीर पर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला अजीजगंज निवासी संजय कुमार पूर्व सभासद हैं। उनका अजीजगंज में ही रॉयल ट्रांसपोर्ट कंपनी के नाम से फर्म है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1:30 बजे दिनेश शुक्ला निवासी मोहल्ला बाडूजई प्रथम थाना सदर बाजार अपने 3-4 साथियों को लेकर वहां आ गया। आरोप है कि उसने व उसके साथियों ने संजय से एक हजार रुपये रंगदारी मांगी। जब संजय ने इसका विरोध किया तो आरोपी हमलावर हो गए। उन्होंने ऑफिस में तोड़फोड़ करने के बाद संजय के सिर पर लोहे की रॉड मार दी। संजय बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक चौक कोतवाली हरपाल सिंह बालियान पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। संजय के पुत्र प्रभाकर की ओर से दिनेश कुमार शुक्ला समेत तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रंगदारी, मारपीट, जानलेवा हमला, जान से मारने की धमकी देना, गाली गलौज एवं एससीएसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि मोहल्ला अजीजगंज में रंगदारी मांगने का विरोध करने पर पूर्व सभासद पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया था। मामले में तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करा दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।