जलालाबाद में प्रत्याशियों के साथ बैठक करते प्रेक्षक
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। विधानसभा चुनाव के लिए आयोग द्वारा नियुक्त चुनाव प्रेक्षक आर हरिहरन तथा पार्थ प्रतिम मजूमदार ने मंगलवार शाम चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के साथ बैठक कर उन्हें आयोग द्वारा जारी निर्देशों की बारीकियां बताईं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने में सहयोग करने की अपील की।
तहसील सभागार में हुई बैठक में प्रेक्षक ने कहा कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए सभी प्रत्याशी आयोग के नियमों का ईमानदारी से पालन करे। कोरोना को लेकर भी जारी गाइडलाइन को अनदेखा न किया जाय। उन्होंने आयोग द्वारा सोशल मीडिया पर प्रचार को लेकर जारी निर्देशों की भी जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को चुनाव की खर्च सीमा बताते हुए कहा कि वह लोग आय व्यय का पूरा हिसाब रखें।
वे लोग चुनाव के लिए नया एकाउंट खुलवाकर उसी से लेन-देन करें तथा खर्च का वाउचर सुरक्षित रखें। इस दौरान एसडीएम बरखा सिंह, सीओ मस्सा सिंह के अलावा विभिन्न दलों से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। संवाद