फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टिकट कटने से नाराज कांग्रेसियों के बागी तेवर बढ़ाएंगे मुश्किलें

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जिले की पांच विधानसभा सीटों के कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के साथ टिकट कटने से नाराज अन्य दावेदार अभी से बागी तेवर दिखाने लगे हैं। शहर सीट से टिकट मिलने की उम्मीद में चार माह पहले सपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए युवा नेता अजय मीरा पांडेय ने भी बागी तेवर अपना लिए।
विज्ञापन

तिलहर सीट को इस लिहाज से अपवाद माना जा सकता हैं, क्योंकि वहां से जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार गुप्ता के अलावा अन्य कोई टिकट का दावेदार नहीं उभरा। शेष सभी सीटों पर दो या दो से अधिक लोग टिकट की कतार में शामिल रहे। शहर सीट से आशा कार्यकर्ता पूनम पांडेय को टिकट मिलने से कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण विनोद मिश्रा और वर्ष 2002 में निर्दलीय चुनाव लड़ चुके निरंजन गर्ग को झटका लगा है।
सपा छोड़कर दस माह पहले कांग्रेस में शामिल हुए जिला महासचिव तनवीर सफदर को टिकट फाइनल होने से सेवादल के जिलाध्यक्ष अश्विनी द्विवेदी मायूस हैं। पुवायां (सुरक्षित) सीट से जिला सचिव बिंदेश्वरी राज, गांव तितुरा निवासी संजीव पासी, मोहिनी सागर और जिला पंचायत की मेंबरी हार चुके सियाराम जाटव टिकट मांग रहे थे, लेकिन बाद में संजीव ने अपनी दावेदारी वापस लेकर पत्नी अनुज कुमारी का नाम आगे कर दिया और उन्हें टिकट मिल गया।
विज्ञापन

जलालाबाद सीट से कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अतित कुमार बागी, मिर्जापुर निवासी अनीता कश्यप, कलान निवासी किसान कांग्रेस के प्रदेश सचिव मोहित शर्मा, जिला पंचायत सदस्य का लड़ चुके फिरोज यादव उर्फ कल्लू भी टिकट के दावेदार थे, लेकिन महासचिव प्रियंका गांधी ने गांव पटना देवकली के चश्मपाल सिंह भाटी की पत्नी गुरमीत कौर को टिकट देकर सभी को नाउम्मीद कर दिया।
जलालाबाद में हुई एक बैठक में कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष अश्वनी द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष अतित बागी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुनील भारद्वाज ने कहा कि तमाम पुराने कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर नेतृत्व द्वारा जलालाबाद विधान सभा से ऐसे प्रत्याशी को टिकट दिया, जिसका जनपद में पार्टी के प्रति कोई योगदान रहा। उन्होंने कहा कि वह लोग जनपद के अन्य पार्टी पदाधिकारियों के निरंतर संपर्क में हैं। जल्द ही सामूहिक निर्णय के अनुरूप अगला कदम उठाया जाएगा।
कटरा सीट के प्रत्याशी पर टिकीं सबकी निगाहें
अब कांग्रेसियों की निगाहें कटरा सीट के प्रत्याशी पर टिकी हैं। इस क्षेत्र से कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष जगदीश गंगवार और विविध कुमार सिंह ने टिकट मांगा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस ने जगदीश पर जिला पंचायत चुनाव में भी दांव लगाया था। दूसरे दावेदार विविध ने गत विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस का टिकट मांगा था और नहीं मिलने पर लोकदल से चुनाव लड़ा।
फोटो: एसपीएनपी 01
मंडल प्रभारी ने चौंकाने वाले नतीजे आने का किया दावा
शाहजहांपुर। पांच प्रत्याशी तय होने से कांग्रेसी खेमा खासा उत्साहित है। पार्टी जिलाध्यक्ष एवं तिलहर सीट से प्रत्याशी घोषित रजनीश गुप्ता ने शुक्रवार को सिटी पार्क स्थित आवास पर अन्य प्रत्याशियों समेत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों पर चर्चा की। बाद में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं सांगठनिक मामलों के मंडल प्रभारी अरशद अली खां गुड्डू ने दावा किया कि कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता वाली पारंपरिक नीति और प्रियंका की रणनीति के सहारे कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में ऐसे नतीजे आएंगे जो अन्य दलों के साथ राजनीतिक पंडितों को चौंकाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और भाजपा ने अपने क्रियाकलापों से किसानों, मजदूरों, युवाओं, सरकारी कर्मचारियों आदि सभी वर्गों को निराश किया है। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने समय को परिवर्तनशील बताते हुए कहा कि आने वाला समय कांग्रेस और देश की जनता का होगा। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष पवन कुमार सिंह, जिला सचिव फुरकान अहमद कुरैशी, प्रत्याशी पूनम पांडेय, अनुज कुमारी, तनवीर सफदर आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें