तिलहर में विरियागंज चौराहे पर तमिलनाडु सरकार का पुतला दहन करते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। तमिलनाडु के मिशनरी स्कूल की छात्रा द्वारा धर्मपरिवर्तन के विरोध में आत्महत्या करने के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु सरकार का पुतला दहन किया। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चेन्नई में गिरफ्तार किए गए राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी व अन्य कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई की मांग की।
नगर के बिरियागंज चौराहे पर परिषद के कार्यकर्ता नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु सरकार का पुतला लेकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिषद के कार्यकर्ता सिद्धार्थ गुप्ता और हर्षिल ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक लावण्या को न्याय नहीं मिल जाता तब तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता धीरेंद्र सिंह, सौरभ गुप्ता, रामगोपाल ने मामले में स्कूल प्रशासन के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में कक्षा 10 की छात्रा लावण्या को धर्म परिवर्तन करने के लिए स्कूल प्रशासन ने बुरी तरह प्रताड़ित किया। उसे आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने चेन्नई में गिरफ्तार की गई परिषद की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी व अन्य कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई की मांग की। पुतला दहन और प्रदर्शन के दौरान परिषद के कार्यकर्ता सिद्धार्थ गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, सौरभ गुप्ता, रामगोपाल, कार्तिक, उदित गंगवार, यावर, आदि शर्मा, संजय राठौर, आदित्य, आलोक, रितिक, राज गुप्ता आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।