शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर अज्ञात वाहन से एंबुलेंस टकरा गई। हादसे में चालक की मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया।
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में असम से मरीज छोड़कर लौट रही एंबुलेंस सोमवार सुबह करीब पांच बजे लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
दिल्ली के जीबी हॉस्पिटल की एंबुलेंस लेकर चालक प्रदीप पुत्र विजेंद्र निवासी ताहीरपुर अपने साथी अंकित निवासी दिलशाद गार्डन के साथ मरीज छोड़ने के लिए असम गया था। मरीज छोड़कर दोनों वापस दिल्ली जा रहे थे। तिलहर थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय सुबह करीब पांच बजे एंबुलेंस किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई।
एंबुलेंस में फंस गया था चालक
एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी बुलाकर एंबुलेंस के अगले हिस्से में फंसे चालक प्रदीप को बाहर निकाला। सीएचसी में डॉक्टर ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।
वहीं अंकित को प्राथमिक इलाज के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने प्रदीप के मोबाइल से उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। वे शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि एंबुलेंस चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है।