शाहजहांपुर के बंडा मंडी परिसर में धरना देते भाकियू चढूनी गुट के किसान।
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। धान बिक्री करने को लेकर किसानों के सामने आ रही समस्याओं के कारण बंडा के मंडी परिसर में चल रहा भाकियू चढ़ूनी गुट का धरना शुक्रवार को छठवें दिन भी जारी रहा। भाकियू के पदाधिकारियों ने डिप्टी आरएमओ पर तमाम आरोप लगाते हुए उनके निलंबन की मांग की है। उन्होंने एलान किया है कि निलंबन नहीं होने पर 18 अक्तूबर को बंडा चौराहे पर जाम लगाया जाएगा।
धान बिक्री आदि समस्याओं को लेकर भाकियू चढ़ूनी गुट के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और युवा जिलाध्यक्ष तरविंदर सिंह के नेतृत्व में तमाम किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया था। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर बंडा मंडी में किसानों ने धरना शुरू कर दिया था। शुक्रवार को छठवें दिन भी धरना जारी रहा। तरविंदर सिंह ने बताया कि कई दिनों से वे लोग धरना दे रहे हैं, लेकिन किसी अधिकारी ने उनकी समस्याओं का समाधान कराने की जरूरत नहीं समझी है। डिप्टी आरएमओ ने सेंटर के बैनर पर जो नंबर लिखवा रखा है, वह ज्यादातर समय स्विच ऑफ रहता है और कभी लग जाए तो फोन उठता नहीं है। उन्होंने कहा कि डिप्टी आरएमओ को किसानों की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। किसानों ने उनके निलंबन की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 18 अक्तूबर को बंडा में चौराहे पर किसान चक्का जाम करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। शुक्रवार को धरना स्थल पर जगतार सिंह, मलकीत सिंह, सुखविंदर सिंह आदि किसान मौजूद रहे।