शाहजहांपुर के कलक्ट्रेट परिसर में बुधवार को प्रदर्शन करतीं ददरौल ब्लॉक के सिमरिया सहसपुर गांव क
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। विकास खंड ददरौल के गांव सिमरिया सहसपुर में रकम हड़पने का मामला सामने आया है। राशन लेने कोटा की दुकान पर गए कार्डधारकों का अंगूठा पीओएस (प्वॉइंट ऑफ सेल) मशीन पर लगवाने के बाद उनके खाते से रकम उड़ा दी गई। ठगी की शिकार महिलाओं को साथ लेकर भारत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह से मिले। उन्होंने डीएम के नाम ज्ञापन देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
महिलाओं के अनुसार वह दूसरे चरण का मुफ्त राशन लेने के लिए उचित दर की दुकान पर गईं थीं। वहां मशीन पर अंगूठा लगाकर राशन लिया, लेकिन उसी दिन पंजाब नेशनल बैंक की पिपरौला शाखा में उनके बैंक खातों से हजारों की रकम निकाल ली गई। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने अपने खातों से कोई रकम नहीं निकाली। गांव की रेशमा के खाते से 5500 रुपये, लक्ष्मी देवी व मंशा देवी के दस-दस हजार रुपये, सावित्री के सात हजार रुपये, शोभा देवी के नौ हजार रुपये और प्रियंका के खाते से 3400 रुपये निकाले हैं।
जिला आपूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय का कहना है कि राशन कार्डधारकों का विभाग के पास जो विवरण कंप्यूटर पर फीड है, उसमें उनके बैंक खाते नहीं जोड़े हैं। इसलिए किसी भी उचित दर विक्रेता की पीओएस मशीन पर अंगूठा निशान देने से बैंक खातों से रकम निकलने की कोई गुंजाइश नहीं है। यह प्रकरण मोबाइल पर उनके संज्ञान में लाया गया, लेकिन किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है। डीएसओ के अनुसार शिकायत मिलने पर पूर्ति निरीक्षक से पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी।