जलालाबाद। मिर्जापुर ब्लाॅक की मंझारा बढ़ऊ ग्राम पंचायत में दिव्यांग प्रमाणपत्र के सहारे सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहीं दो महिलाओं सहित 16 कथित दिव्यांगों को मुख्य विकास अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने सभी को 18 फरवरी तक अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
गांव के संतराम ने गत वर्ष जून में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर आरोप लगाया था कि गांव की रिंकी, मोबीन, राजाराम, शिवप्रताप सिंह, आदेश कुमार, बलबीर, अनिल, विजयवीर, अच्छू मियां, रुद्र प्रताप सिंह, शिवम, सौरभ कुमार, विक्रांत कुमार, सुनीता, प्यारे मियां व सूर्य प्रताप सिंह ने दिव्यांगता के फर्जी प्रमाणपत्र बनवाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बनवा लिए। ये लोग दिव्यांग पेंशन का भी लाभ ले रहे हैं, जबकि सभी पूरी तरह स्वस्थ हैं।
छह माह तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता संतराम गत वर्ष 17 दिसम्बर को डीएम से मिले और कार्रवाई की मांग की। मामले का डीएम के संज्ञान लिए जाने पर जांच रिपोर्ट तलब की गई। बाद में सीडीओ ने सभी 16 लोगों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए 18 फरवरी को कार्यालय में प्रस्तुत होने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में नियत समय सीमा तक पक्ष प्रस्तुत नहीं करने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।