शाहजहांपुर। थाना राम चंद्र मिशन क्षेत्र के हरदोई स्टेट हाइवे पर गुवारी गांव के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव देवकली निवासी संजय कुमार (34) बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे बाइक से शाहजहांपुर की तरफ जा रहे थे। शाहजहांपुर-हरदोई मार्ग हाइवे पर गुवारी गांव के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। पहिये के नीचे आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रोजा थाना क्षेत्र के मेजबान होटल के पास से टक्कर मारकर भाग रहे कंटेनर को पकड़कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार संजय ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था।
सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के गांव जमुका निवासी संतराम प्रजाति (60) बुधवार रात करीब आठ बजे किसी काम से पैदल जमुका तिराहा गए थे। जहां किसी अज्ञात वाहन ने संतराम को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय दुकानदारों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संतराम को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां डाक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। संतराम की मौत के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर सुनकर परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।