खुदागंज। घर से खेलने के लिए निकले छह साल के मासूम बच्चे की गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव मोतिया देहात माली के रहने वाले कल्लू सिंह का छह साल का बेटा वरुण घर से खेलने के लिए बुधवार की शाम निकला था। अंधेरा होने पर भी जब वरुण घर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
आसपास के घरों में जानकारी की लेकिन बच्चा कहीं नहीं मिला। तब परिजनों ने गांव के बाहर तलाशना शुरू किया। गांव के बाहर सड़क किनारे एक पानी भरे गड्ढे के पास बच्चे की चप्पलें दिखाईं दीं तो परिजनों ने गड्ढे में उतरकर बच्चे को तलाशा। थोड़ी देर में गड्ढे में बच्चे का शव मिल गया। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पाकर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आशंका जताई जा रही है कि खेलने के दौरान बच्चे का पैर फिसलने से गड्ढे में डूबकर मौत हो गई होगी। पुलिस बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है।