आरसी मिशन में हंगामा करने वाले को ले जाती पुलिस। स्रोत: वीडियो ग्रेब
भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के ग्रीन वैली चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान चालान करने से गुस्साए दो युवकों की दरोगा और सिपाही से कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों ने दरोगा के साथ धक्कामुक्की कर दी। सूचना पर थाने का पुलिस बल पहुंचा और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
दरोगा दीपू सिंह और कांस्टेबल आकाश वाहन चेकिंग कर रहे थे। पुलिस ने शाम करीब सात बजे एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका। उनके पास कागजात न होने पर चालान कर दिया गया। आरोप है कि जैसे ही उनके मोबाइल पर चालान संबंधी मैसेज पहुंचा तो दोनों युवक चेकिंग प्वाइंट पर पहुंच गए और दरोगा दीपू सिंह से उलझने लगे।
दरोगा ने समझाने का प्रयास किया तो गाली-गलौज और धक्का मुक्की करने लगे। दरोगा की सूचना पर थाने से और फोर्स आ गया और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले आया गया। इंस्पेक्टर क्राइम दिगंबर सिंह ने बताया कि चेकिंग कर रहे दरोगा दीपू सिंह के साथ कुछ युवकों की कहासुनी हुई है। मामले में जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।