राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलबाबू के पिता सत्यपाल को संभालते परिजन। संवाद
शाहजहांपुर। सदर बाजार थाना क्षेत्र के शहबाजनगर के बेहटा गांव में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार शाम युवक लहूलुहान हालत में परिजनों को मिला। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजन दो पड़ोसी युवकों पर 15 दिन पहले हुए विवाद की रंजिश में हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
शहबाजनगर निवासी सत्यपाल का बड़ा बेटा मंगल उर्फ कौशल (25 वर्ष) टिकरी के एक ईंट-भट्ठे पर काम करता था। ताऊ विजय कुमार ने बताया कि वह सोमवार को काम पर नहीं गया था। दोपहर करीब 12 बजे वह घर से निकला था। शाम तक वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम को घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर खेत पर मंगल लहूलुहान अवस्था में मिला। उसके सीने, पेट, गर्दन पर कई घाव थे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां डॉक्टर ने उसकी मौत हो गई। ताऊ विजय ने बताया कि करीब 15 दिन पहले एक शादी समारोह में मंगल का अपने पड़ोस में रहने वाले युवक से विवाद हुआ था, तब उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की धमकी दी थी। इसके अलावा उसका किसी से कोई विवाद नहीं है। उन लोगों ने ही चाकू मारकर मंगलबाबू की हत्या की है।
परिजनों के मुताबिक, मौके पर आरोपी की साइकिल भी मिली है। युवक अविवाहित था और उसका एक छोटा भाई कौशिक है। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत से मां विभा का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर बाजार थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के तहरीर देने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।