पीड़ित ने बैंककर्मियों पर भी जताया शक
- पूसेलाल ने हफ्ते भर पहले बेचा था चकभिटारा स्थित अपना एक मकान
- कैशियर ने बैंक स्लिप में लिखे रुपये गिनने के दौरान कम बताकर लौटा दिए थे
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा। हाईवे पर सरेराह बाइक सवार तीन सशस्त्र बदमाश दो बाइक सवारों से दो लाख से ज्यादा की रकम लूटकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल हो गया। सीओ ने मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस घटना को संदेह की नजर से देख रही है।
थाना क्षेत्र के जमुका निवासी पूसेलाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चकभिटारा का अपना एक मकान एक सप्ताह पहले बेचा था। इसका भुगतान दो दिन पहले ही उसे मिला था, जिसको वह अपने पोते अजय के साथ मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे जमुही स्थित बड़ौदा ग्रामीण बैंक जमा करने आया था।
पूसेलाल के अनुसार बैंक के कैशियर ने पहले तो पैसे रख लिए। फिर कुछ देर बाद कहा कि गड्डी में कुछ नोट कम हैं, जबकि स्लिप में ज्यादा लिखे हुए हैं। पूसेलाल ने कहा, गिनकर जमा कर लो, तो कैशियर ने रुपये लौटा दिए। रुपये को लेकर वह अपने पोते अजय के साथ जमुका गांव लौट था, तभी पेट्रोल पंप से कुछ पहले तीन बदमाशों ने रोक लिया और असलहे दिखाकर दो लाख चार हजार रुपये लूट ले गए।
पीड़ित पूसेलाल ने इस घटना के पीछे बैंककर्मियों और बदमाशों से साठगांठ का भी संदेह जताया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक वीरपाल सिंह और सीओ सदर संजय कुमार भी मौके पर गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस मामले को पुलिस संदेह की नजर से देख रही है।
हाईवे पर जिस स्थान पर लूट का होना बताया गया है वहां कई लोग थे किसी ने घटना के बारे में नहीं बताया। हो सकता है कि पीड़ित की डिग्गी से किसी ने पैसे निकाल लिए हों घर आकर जब पैसा नहीं मिला तो लूट का मामला दर्शाने का प्रयास किया गया। हम हर पहलू पर जांच कर रहे हैैं।
- वीरपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक रोजा