शाहजहांपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत आवेदन के बाद निकाली गई लाॅटरी के शत-प्रतिशत ऑर्डर का वितरण नहीं हो सका है। अब तक मात्र 630 लोगों ने प्रवेश ऑर्डर को प्राप्त किया है। शेष 327 लोग ऑर्डर लेने नहीं आए हैं। इसके चलते उन्हें ब्लॉकों में भेज दिया गया है।
नया सत्र शुरू होने से पहले आरटीई के लिए आवेदन प्रक्रिया को शुरू किया गया था। तीन चरणों में हुए आवेदन के बाद 957 बच्चों के नाम निकाले गए थे। इनके ऑर्डर बीएसए कार्यालय से बांटे गए थे। सत्र प्रारंभ होने के बाद अब तक मात्र 630 ऑर्डर ही बांटे जा सके हैं। शेष ऑर्डर को लेने के लिए लोग नहीं आए। अभिभावकाें की सुविधा को देखते हुए कार्यालय से बीआरसी पर ऑर्डर भेज दिए गए हैं। कर्मचारियों के अनुसार, अब संंबंधित बीआरसी से ही ऑर्डर का वितरण किया जाएगा।
इन वजह से भी ऑर्डर लेने नहीं आ रहे लोग
कुछ बच्चों को उनकी पसंद के स्कूल मिल गए, लेकिन काफी बच्चों का लाॅटरी में नाम आने के बाद भी उन्हें पसंद का स्कूल नहीं मिला है। इसके चलते अभिभावक ऑर्डर लेने नहीं आए हैं। कर्मियाें ने बताया कि बीएसए कार्यालय ज्यादा दूर होने के कारण संंबंधित ब्लॉकों में ऑर्डर भेजकर राहत दी गई है।