शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज समिति से संचालित स्पोर्ट्स कॉलेजों में वर्ष 2026-27 के लिए संभावित 518 सीटों को भरे जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें कक्षा छह, नौ व 11 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। आवेदन फाॅर्म खेल सारथी पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे।
जिला खेल अधिकारी एसपी बमनिया ने बताया कि आवेदन भरने के इच्छुक अभ्यर्थी कॉलेज वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए लिंक पर क्लिक करके निर्धारित प्रारूप को भरकर दाे सौ रुपये शुल्क लगाकर जमा कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म यूडाइस पोर्टल से निर्गत पेन नंबर अनिवार्य रूप से भरा जाना है। बिना पेन नंबर के आवेदन नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की आयु गणना एक अप्रैल 2026 से की जाएगी। आवेदक के शैक्षिक रिकाॅर्ड का परीक्षण यू-डाइस पोर्टल पर उनके पेन नंबर के आधार पर किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में वॉलीबॉल, कुश्ती, जिम्नास्टिक, बैडमिंटन, जूडो, हॉकी, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, तैराकी, स्पोर्ट्स कॉलेज फतेहपुर में एथलेटिक्स, हैंडबॉल, कुश्ती और स्पोर्ट्स कॉलेज सहारनपुर में हॉकी, बॉक्सिंग, जूडो, भारोत्तोलन आदि खेल संचालित है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चयन परीक्षा का ट्रायल मुरादाबाद मंडल में होगा।