जलालाबाद। नख़ासे से लौट रहे डेयरी संचालक ब्रह्मपाल की मंगलवार दोपहर किसी ने जेब काटकर 50 हजार की नकदी उड़ा दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। मोहल्ला आजादनगर निवासी ब्रह्मपाल सिंह मोहल्ले में ही दूध डेयरी चलाते है।
मंगलवार को गांव बझेड़ा में लगने वाले नख़ासे में ब्रह्मपाल अपने पिता धनपाल के साथ भैंस खरीदने गए थे। ब्रह्मपाल के अनुसार भैंस न मिलने पर वे दोनों ई-रिक्शा पर बैठकर घर को लौट रहे थे। बताया कि कुछ दूर चलने के बाद रिक्शे पर पहले से बैठा एक युवक उसके नजदीक आ गया। जब ई रिक्शा फर्रुखाबाद हाइवे पर कारगिल पेट्रोल पंप के पास था तभी वह युवक रिक्शा रुकवाकर उतर गया।
शक होने पर उसने पैंट की जेब में हाथ डाला तो जेब कटी हुई थी। उसमें रखे 50 हजार रुपये भी गायब थे। वह तुरंत ही रिक्शा रुकवाकर नीचे उतरा और उस युवक की ओर दौड़ा। तब तक जलालाबाद की तरफ से आया बाइक सवार दूसरा युवक उसे बैठाकर भाग निकला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। परंतु आरोपी का पता नहीं लगा। याकूबपुर तिराहे से लेकर कारगिल पम्प के बीच इस तरह जेब कटने की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।