शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार को भी जारी रहीं। पहली पाली में हाईस्कूल के संस्कृत और इंटरमीडिएट के चित्रकला विषय का पेपर हुआ। दूसरी पाली में हाईस्कूल के संगीत वादन की परीक्षा कराई गई।
मंगलवार को सुबह आठ बजे से पहली पाली में हाईस्कूल के संस्कृत विषय की परीक्षा शुरू हुुई। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की गहन तलाशी लेने के बाद प्रवेश दिया। इसके बाद कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए बैठे। पूर्वाह्न 11:15 बजे तक पेपर चला। पहली पाली में इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों ने चित्रकला, रंजनकला विषय की परीक्षा दी। दोपहर दो बजे से दूसरी पाली की परीक्षा शुरू हुई। हाईस्कूल के परीक्षार्थियों ने संगीत वादन का पेपर दिया।
जिला कंट्रोल रूम प्रभारी व जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि दोनों ही पालियों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण व नकलविहीन संपन्न हुई। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के अर्थशास्त्र विषय का पेपर था, लेकिन जिले में किसी भी केंद्र पर इस विषय के लिए कोई भी पंजीकृत परीक्षार्थी न होने के कारण परीक्षा नहीं हुई। पहली पाली में हाईस्कूल के संस्कृत विषय में 70, इंटरमीडिएट के चित्रकला व रंजनकला में 1221 और दूसरी पाली में हाईस्कूल के संगीत वादन विषय की परीक्षा में दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।