शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन के टिकट बुकिंग ऑफिस पर बुधवार को विजीलेंस टीम की औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। सूत्रों की मानें तो गहनता से जांच के दौरान विजीलेंस टीम को कई अनियमितताएं भी मिली हैं। निरीक्षण रिपोर्ट पर अब विजीलेंस मुख्यालय जांच कराकर कार्रवाई करेगा। छापामारी करने के बाद टीम यहां से बरेली रवाना हो गई।
रेलवे में रेल टिकट आरक्षण के नाम पर काफी खेल होता है। तत्काल टिकट में भी कई बार खेल सामने आ चुका है। विजीलेंस टीम ट्रेन नंबर 3307 गंगा-सतलज एक्सप्रेस से रेलवे स्टेशन पहुंची। पांच सदस्यों की टीम ने सीधे टिकट बुकिंग ऑफिस का रुख किया। यहां एक-एक पहलू पर बारीकी से पड़ताल की। करीब एक घंटे तक पड़ताल जारी रही। सूत्रों की मानें तो टिकट बुकिंग ऑफिस से जुड़ी कई अनियमितताएं भी मिली हैं। स्टेशन अधीक्षक ओम शिव अवस्थी का कहना है कि विजीलेंस टीम का निरीक्षण एक रूटीन प्रक्रिया है। टीम अपनी रिपोर्ट विजीलेंस मुख्यालय को ही देती है।