बरेली मोड़ लगाए गए शिविर में गृहकर व जलकर का चेक जमा करते हुए नगर आयुक्त डॉ.बिपिन कुमार मिश्र।
शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से 30 सितंबर तक जमा करने पर वार्षिक गृह और जलकर में 10 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। सोमवार को बरेली मोड़ के पास नगर निगम की ओर गृहकर और जलकर जमा करने के लिए शिविर लगाया गया। इसमें 10 लाख रुपये से अधिक की धनराशि नगर निगम के कोष में जमा कराई गई।
कर निर्धारण अधिकारी विपिन कुलदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर में लोगों ने छूट का लाभ उठाया। लोगों ने शिविर में ही गृहकर और जलकर जमा किया। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा भी शिविर में पहुंचे। उन्होंने आवासीय व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों की ओर से जमा किए जा रहे वर्तमान वार्षिक कर व बकाया कर जमा करने की प्रशंसा की।
साथ ही कर दाताओं से अपील करते हुए कहा कि 30 सितंबर तक छूट दी जा रही है। इसका अधिक से अधिक लोग लाभ उठाएं। बरेली मोड़ के निवासी अशोक अग्रवाल ने आवासीय व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर वर्तमान वार्षिक व बकाया कर की कुल धनराशि पांच लाख 45 हजार रुपये व अंकुर कपूर ने योजना का लाभ उठाते हुए अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बकाया कुल धनराशि एक लाख 85 हजार रुपये जमा किए।