मृतक दिनेश शर्मा के रोते बिलखते परिजन।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
दुर्गा पूजा देखने गए युवक की झाड़ी में मिली लाश
पीड़ित पिता ने हादसे में बेटे की मौत होने का जताया अंदेशा
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की हो रही चर्चा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। क्षेत्र के तेनूडांड मझारी गांव निवासी युवक की सोमवार को दरही घाट आमी पुल के निकट झाड़ी में लाश मिली। जबकि बाइक भी मौके पर गिरी पड़ी थी। युवक रविवार की रात घर से दुर्गा पूजा देखने गया था। सूचना पर आस-पास के लोगों के साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बाद में सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेलहर क्षेत्र के तेनुडांड मंझारी गांव निवासी 20 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र मस्तराम रविवार की रात घर से बाइक से दुर्गा पूजा देखने गया था। दरही घाट आमी पुल के पास झाड़ी में सोमवार को उसकी लाश मिली। किसी ने शव देखकर शोर मचाया तो आस-पास के लोग जुट गए। सूचना पर पीड़ित परिजन मौके पर पहुंच गए और शव को घर उठा ले गए। दिनेश दो भाइयों में छोटा था। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि बेटा दुर्गा पूजा देखने गया था। वापस लौटने के दौरान अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए उसके बेटे की बाइक में टक्कर मार दी। इससे उसके बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही थी। एसओ संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पिता ने बेटे की दुर्घटना में मौत होने के संबंध में तहरीर दी है। प्रकरण की जांच की जा ही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना से जुडे़ सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।