संतकबीरनगर। जिले के बखिरा थाना क्षेत्र में तालाब में मछली पकड़ने के आरोप में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि मारपीट में युवक के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई और बाद में उसकी हालत गंभीर हो गई। फिलहाल उसका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
निघुरी गांव निवासी राम सजीवन ने बखिरा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनका भाई महेंद्र मजदूरी के सिलसिले में मलखान और दरसू के साथ अमथरी गांव गया था। काम खत्म होने के बाद लौटते समय वे लोग नहर के किनारे पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान अमथरी गांव के लियाकत मास्टर, उसका बेटा और परसवनिया गांव के अनीस और लल्लन अपने चार अन्य साथियों के साथ महेंद्र पर अपने तालाब में मछली पकड़ने का आरोप लगाकर उसे पकड़ लिया और मारपीट की।
परिजनों के अनुसार, घटना 17 जून की है। मारपीट के बाद से महेंद्र का व्यवहार असामान्य हो गया और उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी। शुरुआत में परिवार के लोग कारण नहीं समझ सके, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि मारपीट के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
राम सजीवन ने बताया कि 21 जून को महेंद्र बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे गोरखपुर के पादरी बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद महेंद्र के मोबाइल फोन पर एक नंबर से लगातार कॉल कर धमकियां दी जा रही थीं। शिकायतकर्ता का कहना है कि थाने में कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। एसओ बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।