विश्व योग दिवस की तैयारियां पूर्ण करें अधिकारी : डीएम
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई
योगाभ्यास की तैयारियों व आयोजनों को लेकर दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। 21 जनू को विश्व योग दिवस को भव्य रूप से मनाने के लिए बुधवार को डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें डीएम ने आयुष विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को तीन लाख लोगों को योगाभ्यास कराने के संबंध में निर्देश दिया।
डीएम ने जनपद स्तर पर स्टेडियम में 14 जून से 20 जून 2022 तक साप्ताहिक योगाभ्यास एवं ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधानों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए गावों में योग शिविर आयोजित कराए जाने संबंधी निर्देश डीपीआरओ एवं समस्त खंड विकास अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से सभी तैयारियां प्रारम्भ कर दी जाएं। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी आयुष एवं नोडल अधिकारी डॉ. इंद्रेश कुमार को निर्देशित करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों से समन्वय बनाकर इसकी कार्ययोजना तैयार करें, ताकि जनपद में विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम के दिन योगाभ्यास से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि योग दिवस के दिन जिला मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक, ग्राम पंचायत आदि महत्वपूर्ण स्थलों पर योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपस में समन्वय बनाकर योग दिवस पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं और इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक संगठनों आदि के युवक, युवतियों को भी प्रतिभाग कराया जाए।
बैठक में एडीएम मनोज कुमार सिंह, सीडीओ एसएन श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. आईवी विश्वकर्मा, प्रशिक्षु एसडीएम नमन, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एनके सिंह, डीडीओ सुदामा प्रसाद, डीआईओएस गिरीश सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, उपायुक्त राज कुमार शर्मा, बीएसए दिनेश कुमार, एआरटीओ अंजनेय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी विजयश्री, जिला प्रोवेशन अधिकारी डॉ. श्वेता त्रिपाठी, जिला उप क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी सहित खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।