बदल रही कबीर स्थली, पर्यटक होंगे आकर्षित
- राष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियां तेज, डीएम कर रहीं निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। पांच जून को कबीर चौरा पर राष्टपति का आगमन होगा। इसके मद्देनजर कार्यदाई संस्थाएं तेजी से बचे कार्यों को पूरा कराने में जुटी हैं। परिसर में बने भवनों की रंगाई-पुताई हो रही है। इसके साथ ही सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है। अब कबीर स्थली की छटा देखने लायक होगी। यह पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
डीएम दिव्या मित्तल प्रतिदिन मगहर कबीर स्थली पहुंच रही हैं और यहां कराए जा रहे कार्यों की निगरानी कर रही हैं। पुरातत्व अधिकारी नरसिंह त्यागी भी अपनी टीम के साथ परिसर में कैंप कर रहे हैं। परिसर में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के जिम्मे है। कार्यदायी संस्था वाप्कोस के अवर अभियंता समीर यादव ने बताया कि लगभग 20 प्रोजेक्ट का कार्य पूर्ण हो चुका है। आमी नदी घाट बनकर तैयार है। नदी में वोटिंग के लिए पांच नावें आ चुकी हैं। 20 बेंच गजवे में, 12 पार्क में और बाकी लोगों को बैठने के लिए परिसर में लगाया जाएगा।
संतकबीर अकादमी का कार्य करा रही संस्था आवास विकास के अवर अभियंता संतोष यादव ने बताया कि सभी कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इलेक्ट्रिक सप्लाई के लिए लाइनें जोड़ी जा रही हैं। सड़क बनकर तैयार है। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अवर अभियंता चंद्रजीत का कहना है की कबीर की समाधि व मजार परिसर के चारों तरफ जाली के साथ ही चार गेट लगाए जा चुके हैं। परिसर में कुछ खाली जगह है, उस पर लेवलिंग कर घास की रोपाई की जा रही है।
आमी नदी में वोटिंग का आनंद उठा सकेंगे पर्यटक
सद्गुरु कबीर की निर्वाण स्थली स्थित कबीर की अमिया कही जाने वाली आमी नदी तट पर खूबसूरत घाट का निर्माण स्वदेश दर्शन के अंतर्गत कराया गया है। आमी नदी में उतरने के लिए आकर्षक रंगों में पांच नावें आ चुकी हैं।
प्रत्येक कार्यों पर पुरातत्व विभाग की नजर
क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी नरसिंह त्यागी ने बताया कि परिसर में हो रहे विकास कार्यों पर पुरातत्व विभाग भी पैनी नजर है। कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है। पुरातत्व की निदेशक रेणु द्विवेदी को यहां की यथा स्थिति से बराबर अवगत कराया जा रहा है।
राष्ट्रपति के आगमन पर होगा कबीर भजन
कबीर चौरा परिसर में राष्ट्रपति के आगमन पर कबीर की समाधि व मजार परिसर में मशहूर कबीर भजन गायक रामचंद्र साहेब चौरी चौरा, भजन गायिका साध्वी सेवा दास व डॉक्टर हरिशरण शास्त्री के द्वारा कबीर भजन प्रस्तुत किया जाएगा।
राष्ट्रपति के आगमन पर कबीर चौरा की भव्यता बढ़ेगी
कबीर चौरा मठ के महंत विचारदास ने कहा कि यह कबीर स्थली के लिए सौभाग्य की बात है। राष्ट्रपति स्वयं में एक संत हैं। ऐसे में कबीर दर्शन को आना यहां के लिए अच्छा होगा। इससे प्रेरणा मिलेगी और लोगों को इस स्थली से लगाव और बढ़ेगा।