संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
पुलिस के पहुंचने से पहले शव को परिजनों ने नीचे उतारा
तीन वर्ष पूर्व हुआ था विवाह
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के कस्बा महुली में शनिवार को विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित परिजनों ने बताया कि विवाहिता ने आत्मघाती कदम उठा लिया, लेकिन वजह नहीं बता पाए। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं।
भारतीय स्टेट बैंक महुली शाखा के पास अब्दुल समद अंसारी अपने घर के सामने अंडा बेचते हैं। तीन वर्ष पूर्व उनकी शादी दुधारा क्षेत्र के परसादपुर निवासी जाफर अहमद की बेटी नाजमा खातून के साथ हुई थी। इस दौरान उनके दो बच्चे पैदा हुए। शनिवार की सुबह नाजमा की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पति अब्दुल समद ने बताया कि आपसी कोई विवाद नहीं था। शनिवार को उनकी पत्नी नाजमा खातून छत पर बासी चावल को फेंकने गई हुई थी। काफी देर तक जब वह नहीं लौटी तो उसे बुलाने छत पर गया। वहां छत पर बने टीन शेड में लगे पंखे के कुंडे से नाजमा खातून को लटकते देखा। आवाज देने पर परिवार के लोग पहुंच गए। रस्सी काटकर पत्नी को नीचे उतारा। पति के अनुसार उस दौरान नाजमा की सांस चल रही थी, लेकिन जब तक घर से बाहर निकालते तब तक उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण जुट गए। सूचना पर एसओ रणविजय सिंह, एसआई मनोज पटेल, एसआई महफूज खान भी पुलिस कर्मियों के साथ पहुंच गए। एसओ ने परिजनों से पूछताछ की। बाद मेें सीओ धनघटा ने भी मौके पर पहुुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मायके वालों को सूचना दी। एसओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।