हादसे में महिला की मौत, भतीजा घायल
भतीजे के साथ दवा कराने पीपीगंज गई थी महिला
ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। मेंहदावल क्षेत्र के बाराखाल में सोमवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे भतीजे को चोटें आईं। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि बेलहर क्षेत्र के लोहरसन की रहने वाली 45 वर्षीय बिंदु देवी पत्नी गुलाबचंद्र अपने 20 वर्षीय भतीजे वीरेंद्र कुमार के साथ बाइक से दवा कराने पीपीगंज गई थीं। दवा करा वे लोग लौट रहे थे। बाराखाल के पास अभी पहुंचे ही थे कि उसी दौरान ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों घायल हो गए। घटना के बाद जुटे लोग घायलों को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाए, जहां देखते ही डॉक्टरों ने बिंदु देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल भतीजे का उपचार शुरू किया। सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।