महुली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव के सीवान में लगी आग बुझाते ग्रामीण
हरिहरपुर। क्षेत्र में बुधवार की दोपहर गेहूं के डंठल जलाने के चलते खेतों में लगी आग गांव तक फैल गई, जिसे बुझाने में ग्रामीणों को मशक्कत करनी पड़ी। तेज पछुवा के चलते जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक आग गांव के रिहायशी घरों के समीप पहुंच गई।
क्षेत्र के टिकुईकोल चौबे गांव में गेहूं के डंठल में लगी आग मुकुंदपुर के सीवान तक पहुंच गई। तेज हवा के चलते आग की लपटें फैलती चली गईं, जिसे लेकर ग्रामीण सहमे रहे। इसी दौरान महुली में गेहूं के डंठल में लगी आग डड़वा पुरवा होते हुए मुकुंदपुर के पश्चिमी सीवान में पहुंच गई। रास्ते में बाग बगीचे को आगोश में लेते हुए आग गांव के करीब पहुंच गई।
रिहायशी घरों को बचाने के लिए ग्रामीण आग पर काबू करने के लिए जूझते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार मोबाइल के जरिए सूचना के बावजूद फायर टेंडर की गाड़ी नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। हालांकि जानकारी होने पर लेखपाल जगपाल चौहान मौके पर टिकुईकोल चौबे और मुकुंदपुर गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि टिकुईकोल गांव में एक रिहायशी छप्पर के करीब आग पहुंच गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया है।