जलनिकासी के लिए नालियों से हटवाया गया अतिक्रमण, कराई गई सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बेहतर जलनिकासी की व्यवस्था न होने से नगर के कई मोहल्लों में बारिश के एक सप्ताह बाद भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे निजात दिलाने के लिए बुधवार को नगर पालिका ने नालियों से अतिक्रमण हटवाया और सफाई कराई। उम्मीद है जल्द ही जलभराव वाले मोहल्लों से जल निकासी हो जाएगी।
बारिश को करीब एक सप्ताह बीतने को है, लेकिन खलीलाबाद में जल निकासी की मुकम्मल व्यवस्था न होने से शहरवासी अब भी जलभराव की समस्या से परेशान है। मुख्य मार्ग की सड़कों से पानी उतर गया है, लेकिन पटरियों पर अब भी कई स्थानों पर जलभराव बना हुआ है। इसके साथ ही शहर के विधियानी, घोरखल, तितौवा, मड़या, अंसार टोला, बंजरिया, छोटी सरौली, सरयू नहर कॉलोनी, मोतीनगर मोहल्ले आदि क्षेत्रों में भारी जलभराव है। इसके कारण जहां लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। इस बीच नगर पालिका प्रशासन ने मंगलवार को एनएचएआई के अधिकारियों के साथ पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने बैठक करने के साथ ही जल निकासी के स्थाई व्यवस्था करने की दिशा में कदम उठाने के लिए स्थलीय निरीक्षण किया था और नालियों के निर्माण के लिए स्थान चिह्नित भी किया था।
नगर पालिका प्रशासन ने बुधवार को गोलाबाजार से लेकर डाक बंगला तक नालियों पर हुए अतिक्रमण को जेसीबी से तुड़वाया। इसके साथ ही नालियों की सफाई कराई गई। इससे जल भराव से काफी हद तक राहत मिली है। नगर पालिका परिषद के ईओ सुरेश मौर्य ने कहा कि जल निकासी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य मार्ग पर नालियों पर हुए अतिक्रमण को तुड़वाया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो मोहल्ले में भी नालियों पर हुए अतिक्रमण को तुड़वाया जाएगा, ताकि समय-समय पर नालियों की सफाई बिना रुकावट हो सके। इस दौरान गोरख प्रसाद यादव, पंकज कुमार, उमेश चौधरी, इमरान, अच्छू, शब्बीर हुसेन आदि मौजूद रहे।