संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद सहित आठ नगर निकायों में उपवन बनाने की योजना छह महीने से अधर में लटकी है। योजना तैयार कर जमीन चिह्नित कर ली गई है। साथ ही बजट का विवरण भी तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।
शासन से स्वीकृति नहीं मिलने के कारण साढ़े पांच करोड़ रुपये की इस योजना को अमली जामा नहीं पहनाया जा सका है।
हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए खलीलाबाद सहित मगहर, हरिहरपुर, मेंहदावल, बाघनगर उर्फ बखिरा, बेलहरकला, हैंसर बजार-धनघटा, धर्मसिंहवा में उपवन पार्क बनाने की योजना तैयार की गई है। योजना के तहत पार्क और ओपेन स्पेस बनाए जाने हैं। साथ ही औषधीय पौधे सहित अन्य पौधे लगाए जाने हैं। इसके लिए खलीलाबाद में 1.21 हेक्टेयर जमीन उस्का कला में चिह्नित की गई है।
जबकि मोहल्ला संतकबीरनगर में 0.278 हेक्टेयर, हरिहरपुर के मोहल्ला पटेल नगर में 0.405 हेक्टेयर, मेंहदावल के धौरापार में 0.214 हेक्टेयर, बखिरा के मोहल्ला जसवल भरवलिया में 1.134 हेक्टेयर, बेलहरकला में 0.911 हेक्टेयर, हैंसर बाजार-धनघटा के मोहल्ला बैलोरा में 0.758 हेक्टेयर और धर्मसिंहवा में 0.969 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है।
यदि इस योजना पर अमल हो जाए तो लोगों के लिए मनोरंजन का स्थान मिल जाएगा। साथ ही ओपेन स्पेस में बच्चों को खेलने आदि की सुविधा भी मिल जाएगी। खलीलाबाद शहर के निवासी प्रेमचंद्र, दिनेश कुमार आदि ने बताया कि पार्क व ओपेन स्पेस से काफी लाभ मिलेगा। मनोरंजन के लिए दूसरे शहरों में जाने से राहत मिल जाएगी। लेकिन योजना पर काम नहीं होने से लोग निराश हैं।