समीक्षा बैठक में डीएम ने जताई नाराजगी, आंकड़ों की फीडिंग भी गलत मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में विकास कार्यों, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, पंचायती राज, नगर पालिका आदि के कार्यों की समीक्षा हुई।
समीक्षा बैठक में स्कूलों में इंडिया मार्का हैंडपंप के लगे होने और शौचालयों में साफ-सफाई की स्थिति, दिव्यांग बच्चों हेतु शौचालयों के निर्माण में प्रगति से संबंधित जवाब अफसर नहीं दे पाए। आंकड़ों की फीडिंग भी गलत पाई गई। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। डीएम ने बीएसए और डीआईओएस को ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक के अधिकारियों के साथ बैठक कर अविलंब इसको सही कराने और शत प्रतिशत स्कूलों को स्वच्छ पेय जल एवं स्वच्छ शौचालय से आच्छादित होने संबंधित रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
डीएम ने बाल स्वास्थ्य पोषण माह के तहत कराए जा रहें बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं कुपोषण की स्थिति और उसमें सुधार आदि से संबंधित बिंदुवार रिपोर्ट मांगी। जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा गोद लिए गांवों में बच्चों किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य सहित योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को स्वयं गांव का भ्रमण करने का निर्देश दिया। सीएमओ डॉ इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि 18 अक्तूबर से 17 नवंबर तक संचारी रोग नियत्रंण/दस्तक अभियान चलाया जाएगा। जिसमें जेई एईएस के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। डीएम ने नई सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण एवं गड्ढामुक्ती से संबंधित कराए जा रहें कार्यों की समीक्षा करते हुए मेंहदावल मार्ग की मरम्मत का निर्देश दिया। इस अवसर पर एडीएम मनोज कुमार सिंह, प्रभारी सीडीओ डीडी शुक्ल, एसडीएम अखिलेश सिंह यादव, डीएसटीओ नागेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला डीपीओ विजयश्री, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ श्वेता त्रिपाठी, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी प्रियंका यादव, डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद, डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।