- प्रशिक्षक के तौर पर चयन के लिए स्टेडियम में कर सकते है आवेदन
-15 खेलों के लिए रखे जाने हैं प्रशिक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच की कमी अब दूर होगी। डेढ़ लाख रुपये मानदेय पर प्रशिक्षक रखे जाएंगे। यह प्रशिक्षक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी होंगे। जिन्होंने किसी खेल में प्रतिभाग किया हो और पुरस्कार हासिल किया हो। इसके लिए स्टेडियम ने आवेदन मांगना शुरू कर दिया है।
काफी समय से जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच की कमी है। मानदेय पर कोच रखकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उप क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि हॉकी, तैराकी, वालीबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिन्टन, टेबल-टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, हैण्डबॉल एवं जूडो सहित 15 खेलों के कोच रखे जाने है। जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेलों यथा ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप, वर्ल्ड चैम्पियनशिप (प्रत्येक चार वर्ष में आयोजित होने वाली) में प्रतिभाग किया हो तथा उपलब्धि अर्जित की हो।
इसके साथ ही पद्मश्री, खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, ध्यानचन्द पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी प्रशिक्षक अथवा ऐसे प्रशिक्षक जिन्होंने ओलंपिक गेम्स, विश्व कप, एशियन गेम्स कॉमनवेल्थ गेम्स में सम्मिलित भारतीय टीम को प्रशिक्षण दिया हो। उन्हें डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह के मानदेय पर प्रशिक्षक के तौर पर रखा जाना है। यह तैनाती कहीं भी हो सकती है। प्रशिक्षक को 14 अगस्त तक स्टेडियम में आवेदन करना होगा। प्रशिक्षक हेतु इच्छुक प्रतिभागी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक है।