सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैसर में बंद पड़ा एक्स-रे कक्ष।
धनघटा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार में 20 साल से अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है तो वहीं एक वर्ष से एक्सरे मशीन भी खराब पड़ी है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बरसों से बनी हुई है। यहां आने वाले मरीजों को अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की जरूरत पड़ने पर 30 किलोमीटर जिला अस्पताल जाना पड़ता है या निजी पैथोलॉजी पर अधिक पैसा देकर जांच करानी पड़ती है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार का उच्चीकृत करके शासन ने वर्ष 2004 में इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग समुचित सुविधा उपलब्ध कराने का दावा करता है। आलम यह है कि अल्ट्रासाउंड की बात दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साल से एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध नहीं है। अल्ट्रासाउंड और एक्सरे मशीन के लिए कई बार शासन को पत्र लिखा गया। लेकिन यह पत्र ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। साल भर पहले यहां पर एक्स-रे होता था।
पुरानी तकनीक होने की वजह वह खराब हो गया। उसके स्थान पर नई तकनीक की एक्सरे मशीन लगाए जाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया। लेकिन एक्स-रे मशीन आज तक नहीं लग पाई। एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड कराने के लिए धनघटा क्षेत्र में जगह-जगह संचालित पैथोलॉजी पर जाने के लिए लोग मजबूर हैं। हड्डी रोग, सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ अस्पताल में करीब दो वर्ष से पोस्ट नहीं हो पाए। जिसके कारण संबंधित मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।