मेगा ब्लाॅक के चलते खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर पसरा हुआ सन्नाटा
संतकबीरनगर। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर में मेगा ब्लाॅक के चलते यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। खलीलाबाद से होकर आने-जाने वाली कई ट्रेनें जहां निरस्त हैं वहीं कई का रूट बदल गया है। मंगलवार को भी दो ट्रेनों का रूट अचानक बदल दिया गया, जिससे यात्रियों को मजबूरन बसों का सहारा लेना पड़ा।
गोरखपुर में पटरियों का कार्य कराए जाने के चलते 12 अप्रैल से तीन मई तक मेगा ब्लॉक है। इसका असर खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से होकर आने-जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है। 55093 अप व 55094 डाउन पैसेंजर ट्रेन छह मई तक निरस्त हैं, जबकि दो अन्य पैसेंजर ट्रेनें निरस्त हैं। इसके साथ ही इंटरसिटी एक्सप्रेस भी 16 अप्रैल से पांच मई तक निरस्त रहेगी। इसके अलावा भी कई ट्रेनें निरस्त हैं। जबकि कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।
मंगलवार को 15707 अप आम्रपाली एक्सप्रेस और 15273 अप सत्याग्रह एक्सप्रेस का मार्ग अचानक परिवर्तित कर दिया। जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। स्टेशन पर आए यात्री सुभाष, रंगीलाल आदि ने बताया कि ट्रेन का मार्ग परिवर्तित होने के कारण अब बस से लखनऊ जाएंगे और वहां से कोई ट्रेन पकड़कर आगे की यात्रा करेंगे।