संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में चोरी और छिनैती की दो वारदात का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मगहर में स्कूटी सवार दो युवकों ने एक दुकानदार के साथ 95 हजार रुपये छीने थे।
वहीं कोतवाली खलीलाबाद के किड़हिरिया गांव में चोरों ने एक घर से दो लाख के नगदी व जेवरात उड़ाए थे। मामले की प्रगति केवल जांच तक ही सीमित है। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम गोड़ही निवासी संजय सिंह की मगहर स्थित काजीपुर चौराहे के निकट बिस्कुट, नमकीन की दुकान है।
गत 29 मार्च को वह अपनी सुजूकी मोपेड से विभिन्न दुकानों से तकादे का पैसा वसूलकर अपनी मगहर स्थित दुकान पर लगभग दो बजे पहुंचे। वहां पर उन्होंने मोपेड पर अपना बैग रखा और शटर खोलने लगे। अभी वे दुकान खोल ही रहे थे कि अचानक स्कूटी पर सवार होकर दो व्यक्ति आए, उन्होंने उनका बैग छीन लिया तथा मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि उनके बैग में 95 हजार रुपये नकद थे। इसके साथ ही झोले में कीमती सामान रखा हुआ था। स्कूटी का रंग स्लेटी था। इस घटना की जानकारी पाकर मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक के साथ ही अन्य पुलिस अधिकारीगण पहुंचे। मौके का निरीक्षण किया।
बैग लेकर भागते हुए युवकों की फुटेज भी सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका कई बार निरीक्षण किया गया। अन्य फुटेज भी खंगाली गई। अभी तक 15 दिन बीत चुके, लेकिन इस मामले में पुलिस कोई अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाई है।
पुलिस टीम सीसीटीवी के जरिए मिले फोटो तथा स्कूटी के बारे में जानकारी एकत्रित नहीं कर पाई है। इस मामले में संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन इसके अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए।