खोजे जाएंगे बुखार व कोविड लक्षण वाले मरीज
गांवों में सात सितंबर से चलेगा अभियान, कई गतिविधियां होंगी
कोरोनारोधी टीकाकरण से छूटे 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को किया जाएगा चिह्नित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोविड संवेदीकरण, ज्वर पीड़ित व्यक्तियों, कोविड तथा क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों, नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों तथा 45 वर्ष से अधिक के ऐसे व्यक्ति जिन्हें अभी तक कोरोनारोधी वैक्सीन की एक भी डोज नहीं दी गई है, ऐसे लोगों को चिह्नित करने के लिए गांवों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। दस दिन चलने वाले इस अभियान की शुरुआत सात सितंबर को होगी। इस दौरान विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
शासन से आए निर्देश के अनुुसार सात सितंबर से 16 सितंबर तक गांवों में अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जो गतिविधियां होंगी, इसमें दो सदस्यीय टीमें गांवों में डोर-टू-डोर जाएंगी और बुखार से पीड़ित व्यक्ति के बारे में जानकारी लेंगी। इसी के साथ ही कोविड व क्षय रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान की जाएगी। अभियान में नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों को भी चिह्नित किया जाएगा, ताकि उन्हें टीकाकरण से आच्छादित किया जा सके। इसी तहत 45 वर्ष से ऊपर के ऐसे व्यक्तियों को भी चिह्नित किया जाएगा, जिन्हें कोरोनारोधी वैक्सीन की अभी तक एक भी डोज नहीं दी गई है। जिन गांवों में ऐसे व्यक्तियों की संख्या ज्यादा होगी, वहां कैंप लगाकर टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के लिए आशा व आंगनबाड़ी को जिम्मेदारी दी गई है और इसे पल्स पोलियो अभियान की तहत संचालित किया जाएगा। इस संबंध में सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने कहा कि अभियान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। अभियान के दौरान लोगों को कोविड के बारे में जागरूक भी किया जाएगा।