विद्यार्थियों को आग से बचाव की दी जानकारी
संतकबीरनगर। अग्निशमन विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को महुली और धनघटा क्षेत्र के चार स्कूलों में छात्र-छात्राओं को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अग्नि शमन अधिकारी ने कहा कि तेल में लगी आग को पानी से नहीं बुझाना चाहिए। सावधानी से ही आग की घटना से बचाव संभव है।
अग्नि शमन अधिकारी अशोक यादव ने महुली क्षेत्र के बाबा बासुदेव इंटर कॉलेज अलीनगर, रामकृष्ण इंटर कॉलेज मुखलिसपुर और धनघटा क्षेत्र के राम विभूति यादव द्वाबा विकास इंटर कॉलेज धनघटा और आदर्श इंटर कॉलेज उमरिया के विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के उपायों के बारे में जानकारी दी। अग्नि शमन अधिकारी ने बताया कि घरों में खराब बिजली वायरिंग, रसोई गैस लीकेज, शार्ट सर्किट आदि से आग का खतरा अधिक रहता है। यदि आग ठोस पदार्थ में लगी हो तो उसे पानी के साथ बुझाना चाहिए। जबकि किसी तरल पदार्थ जैसे तेल में लगी आग को पानी से न बुझाएं। इसके लिए सिलिंडर के रूप में आसानी से उपलब्ध झागयुक्त अग्निशामक यंत्र का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने रसोई गैस सिलिंडर की पाइप और रेगुलेटर आईएसआई मार्क का उपयोग करने पर बल दिया। कहा कि गैस पाइप को हर छह महीने में बदल देना चाहिए। गैस रिसाव की गंध मिलते ही घर में किसी प्रकार बिजली बटन को ऑन न करें। लोगों को दुकानों, घरों और स्कूलों में अग्निशमन यंत्र रखना चाहिए, जिससे आगजनी की घटना के वक्त उस पर काबू पाया जा सके।