एनएसएस स्वयंसेवकों ने मिश्रौलिया में चलाया स्वच्छता अभियान
गांव में सफाई कर लोगों को जागरूक किया
व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास शिक्षा से ही संभव : डॉ दिनेश कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज के एनएसएस के जरिए आरपीएस कॉलेज मड़या में चल रहे सात दिवसीय शिविर के तहत तीसरे दिन शनिवार को मिश्रौलिया गांव में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया और गांव में साफ सफाई की।
शिक्षा शास्त्र विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दिनेश गुप्त ने महात्मा गांधी की शिक्षा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना में संबंध को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े लोग सामाजिक सरोकार से जुड़े होते हैं। किसी भी कार्यक्रम में एनएसएस के लोग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ शशिकांत राव, महात्मा गांधी इकाई के कार्यक्रम अधिकारी विनय कुमार सिंह, संत कबीर इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ मनोज मिश्र ने रैली का मार्गदर्शन किया। स्वयं सेवकों ने मिश्रौलिया सड़क की सफाई की साथ ही वहां के प्राथमिक विद्यालय परिसर में भी सफाई की। प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिकाओं के साथ स्वयंसेवकों ने अपने कार्यक्रम के उद्देश्यों को साझा किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में लक्ष्य गीत वंदना मौर्या, चांदनी और अर्चना चौरसिया ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति अजय कुमार, आदर्श तिवारी, श्रद्धा गुप्ता, सैफ अली खान, अनीता यादव, आदर्श सिंह, तन्वी पांडेय, अमन मिश्रा, प्रेम सागर पांडेय आदि स्वयंसेवकों ने दिया। इस अवसर पर समाज शास्त्र की सहायक शिक्षिका रागिनी दीक्षित, शिक्षक अनीश, अजीत, अष्टभुजा और नीरज आदि मौजूद थे।