बिसौवा। आम तोड़ने के विवाद को लेकर सिक्टौर माफी और अमरडोभा गांव में हुए बवाल के बाद संतबली की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को सपा का प्रतिनिधि मंडल सिक्टौर माफी गांव पहुंचा। वहां पर प्रतिनिधि मंडल में शामिल जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक अब्दुल कलाम ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही संतबली के सभी हत्यारे गिरफ्तार नहीं किए गए तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
सपा प्रतिनिधि मंडल में शामिल जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने कहा कि एक तरफ हम लोग सांत्वना देने का काम कर रहे थे। वहीं दूसरी तरफ पूर्व सांसद हत्यारों के गांव में पहुंचकर उनको ललकारने का काम कर रहे थे। लगातार पीड़ित परिवार तथा ग्राम प्रधान को फोन पर धमकियां दी जा रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सपा के वरिष्ठ नेता सुबोध यादव ने कहा कि सिक्टौर माफी व अमरडोभा गांव में शांति बहाली की बात करना चाहिए न की आग लगाने की, पूर्व सांसद का भड़काऊ बयान शांति व्यवस्था को भंग करने वाला है। प्रतिनिधि मंडल में शामिल आशीष यादव, अशोक यादव, ग्राम प्रधान अखिलेश यादव आदि मौजूद रहे।