- रामकेश की पत्नी का रो- रोकर बुरा हाल, बच्चे के सिर से उठ गया पिता का साया
- हादसे से दो परिवारों में मातम, गांव के लोग दुखी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। शनिवार की रात दो मित्र काल के गाल में समा गए। बाइक हादसे ने दोनों की जान ले ली। सोहन का तो घटना के एक दिन बाद ही तिलक व बरक्षा चढ़ना था। दोनों युवकाें की मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है। वहीं गांव के लोग घटना से आहत हैं।
मेंहदावल क्षेत्र के दो परिवारों पर एक हादसे से दुखों का पहाड़ टूटा पड़ा। बाइक हादसे में दो दोस्तों की मौत से स्वजन सदमे में हैं। रोने-बिलखने के अलावा उनके हाथ कुछ नहीं बचा। सोहन उर्फ गोलू कन्नौजिया का सोमवार को महाराजगंज में तिलक व बरक्षा कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसको लेकर वह मोबाइल बनवाने गोरखपुर दोस्त रामकेश के साथ गया था। लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया। इस घटना से सोहन व लड़की के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मांगलिक कार्यक्रम के एक दिन पहले घटी इस घटना ने दो परिवारों को दुखी कर दिया। इसी प्रकार अपने मित्र की शादी में लुधियाना से कुछ दिन पूर्व आए रामकेश भी इसी हादसे का शिकार हो गए। रामकेश की पत्नी कुमकुम का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी को रोता बिलखता देखकर तीन वर्ष का बेटा आर्यन भी सुबक-सुबककर रोता दिखाई दिया। रामकेश के पिता मोहरत यादव ने बताया कि काल का दिन था। अगर दोनों रात में नहीं लौटते तो शायद जिंदा होते। यही कहकर वह भी रोने लगे। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे।