खलीलाबाद - बखिरा मार्ग पर भड़ारी गांव के निकट सड़क पर डाली गई मिट्टी में फंसा हुआ ट्रक।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
सड़क पर गिली मिट्टी डालकर छोड़ा
- वाहन फंसने व जाम लगने से लोगों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। मेंहदावल- खलीलाबाद मार्ग पर सफर करना राहगीरों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। बघुआ से नंदौर तक निर्माणाधीन सड़क पर गिली मिट्टी डाल देने की वजह से वाहन फंस जा रहे हैं। जिसकी वजह से जाम लग जा रहा है।
राहगीर राममूरत, शिवकांत, धर्मेंद्र, किशन कुमार, रामदयाल, नगीना सिंह, दिलीप सिंह, नरेंद्र भारती, सुधाकर मिश्र ने बताया कि मेंहदावल-खलीलाबाद मार्ग गड्ढों में तब्दील है। बघुआ से नंदौर तक लंबे समय से सड़क काफी बदहाल थी। चार महीने पूर्व सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ। निर्माण की गति काफी सुस्त है। कार्यदायी संस्था राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। हालत यह है कि चार महीने बाद भी अब तक मात्र छह किलोमीटर दूरी में सड़क पर मिट्टी डाली जा सकी है। शेष दो किलोमीटर भडारी से बघुआ तक मिट्टी कार्य भी शेष है। हल्की बारिश होने की दशा में सड़क पर डाली गई गिली मिट्टी से फिसलन बढ़ जाती है। जिसमें वाहन फंस रहे हैं और जाम लग रहा है। बाइक सवारों के कपड़े छीटे पड़ने से खराब हो जा रहे हैं।
शनिवार की सुबह भी एक ट्रक फंस जाने से जाम लग गया। राहगीरों ने राजमार्ग प्राधिकरण से शीघ्र ही सड़क निर्माण पूरा करने व आवागमन लायक बनाने की मांग की है। इस बाबत राष्ट्रीय राजमार्ग के अवर अभियंता रोहित ने कहा कि विभाग की ओर से सड़क निर्माण कार्य तेजी से ही कराया जा रहा है। कुछ दिनों बाद राहगीरों को बेहतर सड़क मिल जाएगा।