खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर ऊपर पहुंची राप्ती
एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही नदी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। राप्ती का जलस्तर शनिवार को खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। इससे तटबंध से सटे गांवों के लोगों में भय व्याप्त हो गया है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण लोगों में दहशत है। नदी एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। ड्रेनेज खंड के अधिकारी लगातार तटबंध की निगरानी में लगे हुए हैं।
मेंहदावल क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को 12 बजे दिन में नदी का जलस्तर खतरे के निशान 79.50 मीटर से 25 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। नदी 79.75 मीटर पर बह रही है। शुक्रवार को नदी का जलस्तर पांच सेंटीमीटर ऊपर था। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से तटबंध से सटे गांव बेलौली, खैरा, थरौली, डुमरियाबाबू, विशुनपुर, कुसौना, तिवारीपुर, बानडुमर, बढ़या ठाठर, जोरवा, छपिया पराग, नौगो, बेलौहा, करमैनी के ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण बैजनाथ यादव, संदीप सिंह, संतोष सिंह, राजू यादव, श्याम करन यादव, जगदंबा तिवारी, बैजनाथ तिवारी आदि का कहना है कि नदी का जलस्तर तटबंध पर पूरी तरह से दबाव बना रहा है। तटबंध जर्जर हालत में है, ऐसे में क्षेत्रवासियों को बाढ़ की आशंका भयभीत कर रही है। ड्रेनेज खंड द्वितीय के सहायक अभियंता रामउजागीर लाल ने बताया कि राप्ती का जलस्तर खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर ऊपर है। तटबंध की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां आवश्यकता पड़ रहा है, वहां पर कार्य कराए जा रहे हैं।