शासनादेश के विरोध में बुनकरों ने प्रदर्शन किया
नए आदेश में मीटर यूनिट के आधार पर बकाया बिल का करना है भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश बुनकर सभा के जिलाध्यक्ष हाजी इमामुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में बुनकरों ने शनिवार को खलीलाबाद के अंसार टोला में नए शासनादेश के विरोध में प्रदर्शन किया। शासनादेश में नए आदेश के तहत मीटर यूनिट के आधार पर बकाया बिल की वसूली का निर्देश दिया है।
जिलाध्यक्ष हाजी इमामुद्दीन अंसारी ने कहा कि नए शासनादेश से बुनकरो के साथ धोखा हुआ है। जिसका जवाब बुनकर 2022 के विधानसभा चुनाव में देंगे। उन्होंने कहा कि अपर मुख्य सचिव हथकरघा नवनीत सहगल ने गत 10 दिसंबर को आदेश जारी किया, जिसमें यूनिट के आधार पर बिजली बिल जमा करने को कहा है। यह बुनकरों के साथ धोखा हुआ है, जबकि शासन-प्रशासन ने बुनकरों के साथ न्याय किए जाने का आश्वासन दिया है, लेकिन आज जिस तरह से आदेश जारी कर विद्युत वसूली का निर्देश दिया है। बुनकरों के साथ अन्याय किया गया है। इससे यही लगता है कि सरकार बुनकरों के पावरलूम उद्योग को उत्तर प्रदेश से समाप्त करना चाहती है। प्रदर्शन करने वालों में नसीम अंसारी, वसी अहमद अंसारी, मो इलियास अंसारी, सरफुदज्जा अंसारी, शमी अंसारी, मो आवेश अजहर, नियाज अंसारी, वकील अंसारी आदि बुनकर शामिल थे।