संतकबीरनगर जिले में छठे चरण में तीन मार्च को जिले में मतदान होगा। इसके लिए चार फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 11 फरवरी नामांकन की अंतिम तिथि तय है। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को एडीएम और एएसपी ने कलेक्ट्रेट में भ्रमण किया। बैरियर लगाए जाने के लिए जगह चिह्नित किया।
एडीएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चार फरवरी को नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नेशनल और स्टेट पार्टी के उम्मीदवार सिर्फ अपने साथ दो लोगों को अंदर ला सकेंगे। जबकि निर्दल प्रत्याशी के दस प्रस्तावक लगेंगे। ऐसे में प्रत्याशी अपने अलावा दो और लोगों को लाएंगे। जब दो प्रस्ताव बाहर चले जाएंगे, तब दो और प्रस्ताव अंदर प्रवेश पाएंगे। इसी क्रम में निर्दल प्रत्याशी के सभी प्रस्तावक बारी-बारी से अंदर आएंगे और बाहर जाएंगे।
11 फरवरी को नामांकन की आखिरी तिथि नियत है। जबकि 14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 16 फरवरी को नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। डीएम कोर्ट में 312 विधानसभा मेंहदावल के प्रत्याशियों का नामांकन पत्र दाखिल होगा। जबकि एडीएम राजस्व व वित्त के कोर्ट में 313 विधानसभा खलीलाबाद और एडीएम न्यायिक की कोर्ट में 314 विधानसभा धनघटा के प्रत्याशियों का नामांकन पत्र दाखिल होगा।
संबंधित तहसीलों के एसडीएम आरओ और तहसीलदार व बीडीओ एआरओ बनाए गए हैं। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 57 कंपनी सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स आ रही है। नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के लिए कुल नौ जगह बैरियर लगाए जाएंगे। तीन सीओ, नौ इंस्पेक्टर, 32 सब इंस्पेक्टर, 75 कांस्टेबल और पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में चुनाव संपन्न कराया जाएगा।