डीएम की बैठक में भव्य मगहर महोत्सव की बनी रणनीति
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मगहर महोत्सव समिति की पहली बैठक हुई। इसमें 12 से 18 जनवरी तक होने वाले मगहर महोत्सव के कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने समिति से जुड़े सदस्यों से कार्यक्रम के संबंध में सुझाव मांगा, जिससे भव्य तरीके से महोत्सव कराया जाए।
महोत्सव समिति के संस्थापक सदस्य शिव कुमार गुप्ता, पवन कुमार श्रीवास्तव, सुभाष शुक्ला, नासिर अहमद ने बताया कि वर्ष 1987 से मगहर महोत्सव हर वर्ष 12 से 18 जनवरी तक आयोजित होता है। लोगों ने कहा कि वर्ष 2020-21 में कोरोना संक्रमण की वजह से महोत्सव का आयोजन नहीं हो सका था, लेकिन इस बार ऐसी परिस्थिति नहीं है। ऐसे में मगहर महोत्सव का आयोजन भव्य तरीके से कराया जाना जरूरी है। सदगुरु कबीर की स्थली पर होने वाले मगहर महोत्सव से लोगों का गहरा जुड़ाव है। महोत्सव के माध्यम से कबीर दास की वाणी का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार हो जाता है। कबीर की याद में होने वाले कार्यक्रम में जिले के अलावा आसपास के जनपदों से लोग आते हैं। उसी दौरान खिचड़ी का मेला भी लगता है। उसमें बाहर के दुकानदार आजीविका के लिए अपनी दुकानें भी सजाते हैं। डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी मगहर महोत्सव मनाया जाएगा। एडीएम मनोज कुमार सिंह ने पिछली कार्यवाही को पढ़कर सुनाया। उस पर समिति के सदस्यों ने कोई आपत्ति नहीं की। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से गत वर्ष की कार्यवाही की पुष्टि की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पंचायत मगहर संगीता वर्मा, एसडीएम मेंहदावल अजय कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी जगनारायण झा, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ल, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉक्टर मोहन झा, अधिशासी अभियंता विद्युत राज कुमार सिंह, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज आदि उपस्थित रहे।